नगर पंचायत नगरी में PM आवास चढ़ा भ्रष्टाचार की भेंट Recent News
-दो दिन में धंसी छत, सीएमओ बोले- हमारी जिम्मेदारी नहीं
*नगरी।* शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 12 में गुणवत्ता की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। हितग्राही का निर्माणाधीन मकान, जिसकी छत की ढलाई महज दो दिन पहले हुई थी, वह बीचों-बीच धंस गई है और उसमें गहरी दरारें आ गई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छत के धंसने के बाद उसे तोड़कर पुनः निर्माण करने के बजाय ठेकेदार द्वारा उसी क्षतिग्रस्त छत के ऊपर सीमेंट का घोल डालकर लीपापोती की जा रही है, ताकि मामले को छुपाया जा सके। फोटो में साफ देखा जा सकता है कि मकान अभी भी फट्टे-बल्ली की सेंट्रिंग पर टिका है और ऊपर मजदूर काम कर रहे हैं।
इस संबंध में जब नगर पंचायत सीएमओ नगरी से पक्ष लिया गया तो उनका गैर-जिम्मेदाराना बयान सामने आया। उन्होंने कहा – _“नगर पंचायत का काम सिर्फ इतना है कि जो घर बन रहा है प्रारंभ से लेकर पूर्ण होने तक मकान बना है कि नहीं इसे चेक करके राशि जारी करना होता है, इसके बाद मकान हितग्राही ठेकेदार से बनवा रहा है, कैसे बनवा रहा है इसकी जिम्मेदारी हमारी नहीं है।”

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि PMAY में जियो टैगिंग और इंजीनियर द्वारा गुणवत्ता जांच अनिवार्य है। ऐसे में सीएमओ का यह बयान कई सवाल खड़े करता है। अगर गुणवत्ता की निगरानी ही नहीं होगी तो गरीब हितग्राही के लाखों रुपये से बना आशियाना कभी भी हादसे का शिकार हो सकता है।
नागरिकों ने जिला कलेक्टर धमतरी से मामले की उच्च स्तरीय जांच, दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई और क्षतिग्रस्त छत को तोड़कर मानक गुणवत्ता के साथ दोबारा निर्माण कराने की मांग की है।
Live Cricket Info