बिना दस्तावेज धान परिवहन पर एसडीएम की कार्रवाई
नगरी, 24 फरवरी 2026। सांकरा फॉरेस्ट नाका में बिना वैध दस्तावेज धान परिवहन करते पकड़े गए 12 चक्का वाहन के मामले में एसडीएम नगरी मनोज मरकाम द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार वाहन क्रमांक CG04JD5939 में लगभग 615-616 बोरी धान लोड था, जिसे ग्राम धुरखागुड़ी (जिला गरियाबंद) से धमतरी की ओर ले जाया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान चालक लोचन यादव के पास धान परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, बिल अथवा मंडी शुल्क रसीद नहीं पाई गई।
मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम नगरी मनोज मरकाम ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए। राजस्व एवं मंडी अमले की रिपोर्ट के आधार पर धान से भरे वाहन को जब्त कर आवश्यक वैधानिक प्रकरण दर्ज किया गया। साथ ही संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि बिना वैध दस्तावेज के कृषि उपज का परिवहन पूर्णतः नियम विरुद्ध है तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के व्यापारियों एवं किसानों से अपील की है कि कृषि उपज के परिवहन के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, ताकि अनावश्यक कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
Live Cricket Info